सुनील जाखड़ के बयान पर Neel Garg का पलटवार- जिन्होंने पंजाब को अंधेरे में धकेला वो आज सुधारों पर घड़ियाली आंसू बहा रहे: नील गर्ग

आम आदमी पार्टी(आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता नील गर्ग ने पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा बिजली कटौती को लेकर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है। नील गर्ग ने कहा कि यह बेहद हास्यास्पद है कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में पंजाब को दशकों तक बिजली संकट और अंधेरे में झोंका, आज वे सिस्टम की मजबूती के लिए लगाए जा रहे महज 2 घंटे के मरम्मत कट पर घड़ियाली आंसू बहा कर राजनीति कर रहे हैं। 

गर्ग ने कहा कि जाखड़ साहब को शायद याद नहीं कि उनके और उनके पुराने साथियों के राज में बिजली के लंबे-लंबे कट सामान्य बात थी, लेकिन आज जब मान सरकार भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम कर रही है, तो उन्हें दर्द हो रहा है।

नील गर्ग ने कहा कि जाखड़ साहब और उनकी पुरानी पार्टियों के समय में किसान कड़कती ठंड और अंधेरी रातों में खेतों को पानी देने के लिए मजबूर था। घंटों की बिजली कटौती के कारण पंजाब का व्यापार पूरी तरह ठप्प हो जाता था। बिजली का बुनियादी ढांचा पूरी तरह चरमरा गया था क्योंकि पिछली सरकारों ने कभी दूरदृष्टि से काम नहीं किया।

गर्ग ने कहा कि उस समय अंधेरा इनके लिए \’साधारण\’ था, और आज जब मान सरकार सिस्टम को दुरुस्त कर रही है, तो इन्हें \’समस्या\’ नजर आ रही है। उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। आज जो कट लगाए जा रहे हैं, वे बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य में बड़े तकनीकी फॉल्ट से बचने के लिए हैं।

नील गर्ग ने आगे कहा कि सच्चाई यह है कि कुछ नेताओं को पंजाब में हो रहा \’उजाला\’ हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में रिकॉर्ड बिजली उत्पादन हो रहा है और जनता को मुफ्त व निर्बाध बिजली मिल रही है। पिछली सरकारों की लापरवाही और भ्रष्टाचार की वजह से जो सिस्टम कमजोर हुआ था, उसे ठीक करने की जिम्मेदारी आपस सरकार बखूबी निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *